'विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम' का समापन

WhatsApp Channel Join Now
'विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम' का समापन


देहरादून, 22 जून (हि.स.)। 'मेरा युवा भारत' उत्तरकाशी द्वारा आयोजित सात दिवसीय 'विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम' का समापन हो गया है। इस विशेष राष्ट्रीय एकीकरण और अध्ययन कार्यक्रम के तहत तीन राज्यों अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश से आए युवाओं ने उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्रों, भारत-चीन बॉर्डर और वाइब्रेंट विलेजेज का दौरा कर जमीनी स्तर पर हो रहे विकास कार्यों, स्थानीय संस्कृति और सीमाई जीवन की चुनौतियों को करीब से समझा।

सात दिवसीय कार्यक्रम के दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के माटली कैंप में 12वीं वाहिनी द्वारा युवाओं को सीमा सुरक्षा और वाइब्रेंट विलेज की रणनीतिक अहमियत पर विशेष ब्रीफिंग दी गई। दूसरे दिन आवश्यक दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, शारीरिक और मानसिक सुदृढ़ता के परीक्षण के लिए युवाओं ने कंदारा बुग्याल के दुर्गम और अत्यंत खूबसूरत ट्रैक को सफलतापूर्वक पूरा किया।

सुखी गांव में युवाओं ने यहां के ग्राम प्रधानों के साथ विशेष संवाद किया। विलेज सर्वे (ग्राम सर्वेक्षण) के जरिए स्थानीय समस्याओं और स्वरोजगार की संभावनाओं को समझा। संध्याकाल में स्थानीय संस्कृति को दर्शाते रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। झाला गांव में युवाओं का सीधा संवाद हुआ। इसके अतिरिक्त युवाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया और एक विशेष सत्र में 'सरकारी योजनाएं और राजनीति में युवाओं की भागीदारी' विषय पर चर्चा की गई।

इस पूरे कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण पांचवें दिन भारत-चीन सीमा पर स्थित नेलोंग और जादुंग जैसे ऐतिहासिक व रणनीतिक बॉर्डर गांवों का दौरा रहा। युवाओं ने आईटीबीपी की नागा बॉर्डर आउटपोस्ट पर जाकर देश की रक्षा में मुस्तैद हिमवीरों के साथ लंच किया और उनका हौसला बढ़ाया। इसके बाद आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट के साथ एक खास बातचीत सत्र का आयोजन हुआ, जहां युवाओं ने देश की सुरक्षा प्रणालियों और विपरीत परिस्थितियों में सेना के प्रबंधन को समझा। इसी कड़ी में युवाओं ने विश्वप्रसिद्ध गंगोत्री धाम व गांव का भी भ्रमण किया।

सातवें और अंतिम दिन कार्यक्रम का समापन भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। पूरे सप्ताह अनुकरणीय अनुशासन और सीमांत क्षेत्रों के अध्ययन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी युवाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सात दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को सीमांत क्षेत्रों की समृद्ध संस्कृति, वहां की भौगोलिक चुनौतियों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'वाइब्रेंट विलेज विजन' से सीधे रूबरू कराना था।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story