गुरुकुल इंजीनियरिंग संकाय में खेल प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता खिलाड़ी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
गुरुकुल इंजीनियरिंग संकाय में खेल प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता खिलाड़ी सम्मानित


हरिद्वार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में विगत एक माह से आयोजित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का बुधवार को समापन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न खेलों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने खेल भावना, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।

समारोह में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियांत्रिकी के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और योगासन के लिए भी समय निकालना चाहिए। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और आत्मविश्वास विकसित करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में डिजिटल खेलों का संसार भी तेजी से विकसित हो रहा है, जिसका विद्यार्थियों की मनोवृत्ति पर प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में शारीरिक गतिविधियों और खेलों में सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अभिन्न अंग हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देती हैं। संकाय में बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, कबड्डी और टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न टीमों के बीच नॉकआउट प्रारूप में मुकाबले हुए। क्रिकेट प्रतियोगिता (जीपीएल) के लिए मैदान की साज-सज्जा एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी विद्यार्थियों ने स्वयं किया।

प्रतियोगिताओं में जीपीएल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सचिन खत्री, बास्केटबॉल के अभिजीत, कबड्डी के हिमांशु और वॉलीबॉल के नवीन रहे। टेबल टेनिस में श्रेया ने विजेता का स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के विजेताओं एवं उपविजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनता चौरिटेबल के डॉ. अमन गुप्ता ने सहयोग प्रदान करते हुए कहा कि एक माह तक आयोजित खेल गतिविधियों में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता सराहनीय रही। खिलाड़ियों को शील्ड और ट्रॉफी देकर प्रोत्साहित किया गया।समस्त खेल गतिविधियां डॉ. धर्मेंद्र बलयान के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं। आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवक आर्यन, सुधांशु, भारत, ज्ञान, अभिजीत एवं वासुदेव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर प्रो. सुनील पंवार, प्रो. विपुल शर्मा, डॉ. मयंक पोखरियाल, डॉ. पंकज कौशिक, डॉ. अंबरीष शर्मा, डॉ. शिव कुमार सिंह, गजेंद्र सिंह रावत, डॉ. आशेष धीमान और उप संपदा अधिकारी धनपाल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story