छात्र जीवन में अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ी: प्रो. भूटियानी

WhatsApp Channel Join Now
छात्र जीवन में अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ी: प्रो. भूटियानी


हरिद्वार, 22 अगस्त (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के प्रबंधन संकाय में आयोजित एक सप्ताह के प्रेरणा कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. राकेश भूटियानी ने कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है। अनुशासित विद्यार्थी ही अपने लक्ष्य की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़कर सफलता प्राप्त कर सकता है।

प्रो. भूटियानी ने कहा कि प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में अनुशासन की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। एक अनुशासित प्रबंधक अपनी टीम को साथ लेकर योजनाबद्ध ढंग से कार्य करते हुए उत्पाद को बाजार में सफलतापूर्वक प्रस्तुत करने में सक्षम होता है। उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में अनुशासन के बिना आगे बढ़ना कठिन है।

कार्यक्रम में डॉ. निशांत ने छात्रों को औद्योगिक क्षेत्र की बारीकियों से अवगत कराया। एक सप्ताह तक चले कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों ने छात्रों को प्रबंधन शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए सवालों के उत्तर देकर विशेषज्ञों ने उनका मार्गदर्शन भी किया। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्रों ने इसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया। कार्यक्रम का संचालन विकास अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर प्रो. पंकज मदान, डॉ. कपिल पाण्डेय, डॉ. रत्नेश शुक्ला, अभिजीत सिंह, नागेन्द्र सिंह राणा, नारायण सिंह नेगी, विकास सक्सेना सहित संकाय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story