समग्र शिक्षा के अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे करें,देरी पर होगी कार्रवाई : धन सिंह रावत

WhatsApp Channel Join Now
समग्र शिक्षा के अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे करें,देरी पर होगी कार्रवाई : धन सिंह रावत


देहरादून, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने समग्र शिक्षा के तहत संचालित निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा है कि अनावश्यक देरी करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी, आईसीटी और स्मार्ट क्लास परियोजनाओं में भी तेजी लाने को कहा।

गुरुवार को विद्यालयी शिक्षा महानिदेशालय में समग्र शिक्षा परियोजना की समीक्षा बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि वर्ष 2018-19 से 2025-26 के बीच स्वीकृत 7,803 निर्माण कार्यों में 5,735 पूरे हो चुके हैं,जबकि 1,068 कार्य अभी अधूरे हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्माण कार्यों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट महानिदेशालय को उपलब्ध कराने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 12 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स दो सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के साथ ही 266 डिजिटल लाइब्रेरी,1,203 आईसीटी कक्षाओं और 2,320 स्मार्ट क्लासों की स्थापना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए,ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story