जनपद में जनप्रतिनिधियों का घेराव करेगी समिति

WhatsApp Channel Join Now
जनपद में जनप्रतिनिधियों का घेराव करेगी समिति


नई टिहरी, 02 सितंबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा। मांग के समर्थन में बृहस्पतिवार (आज) को समिति नई टिहरी बाजार में जनजागरण रैली के तहत कंटर बजाओ रैली निकालेगी। वहीं 15 सितम्बर से जिले में जनप्रतिनिधियों का घेराव किया जाएगा।

बुधवार को मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर बौराड़ी गणेश चौक में संयुक्त संघर्ष समिति बीते 16 अगस्त से प्रतिदिन धरना कार्यक्रम कर रही है। जबकि बीते मंगलवार से क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया है। बुधवार को पूर्व सैनिक रमेश रतूड़ी, विजय सिंह नेगी, राकेश गुसाईं क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। आंदोलनरत लोगों ने जिला अस्पताल बौराड़ी को मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाने की मांग की। कहा कि बेस अस्पताल के रूप में जिला अस्पताल को विकसित करने पर सरकार को भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त धनराशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी। यदि जल्द मेडिकल कॉलेज बनाने का शासनादेश जारी नहीं किया गया तो 15 सितंबर से आंदोलन को धार देने के लिए जिले में आने वाले जनप्रतिनिधियों का घेराव किया जाएगा।

कार्यालयों में तालाबंदी भी की जाएगी। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जीतराम भट्ट और अनुसूया प्रसाद नौटियाल सत्याग्रह पर बैठे रहे। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, महामंत्री संदीप रावत, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, सुंदर सिंह आदि माैजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story