आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना में आई तेजी, 52 संपत्ति धारकों को मिला 21 करोड़ का मुआवजा
देहरादून, 17 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी देहरादून में आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। पुष्कर सिंह धामी के विजन के तहत इस परियोजना को शहरी यातायात सुधार और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अनुसार परियोजना से प्रभावित 52 संपत्ति धारकों को अब तक लगभग 21 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। मुआवजा प्राप्त करने के बाद इन संपत्ति धारकों ने अपनी संबंधित भूमि,संपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग के नाम कर दी है।
प्राधिकरण ने बताया कि शेष 34 संपत्ति धारकों के दस्तावेजों का परीक्षण पूरा कर लिया गया है और उनकी रजिस्ट्री की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। कुल 410 प्रभावित संपत्तियों में से कई स्थानों पर स्वेच्छा से हटाने का कार्य भी शुरू हो गया है, जिससे निर्माण कार्य को गति मिली है।
एमडीडीए के अनुसार नवीन आढ़त बाजार में लगभग 95 प्रतिशत पार्किंग व्यवस्था तैयार हो चुकी है, जबकि अन्य विकास कार्य 80 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्यों को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य केवल सड़क चौड़ीकरण नहीं, बल्कि शहर में यातायात दबाव को कम करते हुए एक सुव्यवस्थित और आधुनिक शहरी ढांचे का निर्माण करना है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे प्रभावितों का विश्वास मजबूत हुआ है। वहीं सचिव स्तर पर कहा गया कि सभी पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा और परियोजना की निरंतर निगरानी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

