संस्कृत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
संस्कृत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा


देहरादून, 24 सितंबर (हि.स.)। देहरादून के हरिपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार को आयोजित खंडस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संस्कृत की विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में नाटक, समूहगान, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण और श्लोकोच्चारण में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत सहायक निदेशक डॉ. चंद्रप्रसाद घिल्डियाल और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हरिपुर की प्रधानाचार्य शिखा भट्ट ने किया। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य राम चौधरी, यमुनानगर अध्यक्ष सुनील समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।

खंड संयोजक डॉ. अंजू श्रीवास्तव ने बताया कि संस्कृत नाटक के वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों वर्गों में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी ने प्रथम स्थान हासिल किया। संस्कृत समूहगान के वरिष्ठ वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज कोटी और कनिष्ठ वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज लखवाड़ प्रथम रहे। समूह नृत्य के दोनों वर्गों में राजकीय इंटर कॉलेज मुन्धान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

संस्कृत वाद-विवाद के कनिष्ठ वर्ग में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उपाल्टा और वरिष्ठ वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज कोटी प्रथम रहे। आशुभाषण के वरिष्ठ वर्ग में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समाल्टा तथा कनिष्ठ वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज नागथात ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्लोकोच्चारण के वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों वर्गों में राजकीय इंटर कॉलेज मुन्धान प्रथम रहा।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने भाषायी कौशल, आत्मविश्वास और सृजनात्मक अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों से परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से उनका जुड़ाव मजबूत करती हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story