घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कालेज में तीन नए पाठयक्रम शुरू
पौड़ी गढ़वाल, 21 जून (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी में नए शैक्षणिक सत्र में शैक्षणिक कार्यक्रमों का विस्तार करते हुए तीन नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। इनमें बीसीए, एमटेक स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग और एमटेक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शामिल हैं।
संस्थान के अनुसार इन पाठ्यक्रमों के प्रारम्भ होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा एवं विशेषज्ञता आधारित तकनीकी अध्ययन के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
संस्थान के निदेशक डा वीके बंगा ने बताया कि जीबीपीआईईटी उत्तराखंड का अग्रणी स्वायत्त तकनीकी संस्थान है, जहां स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध स्तर पर विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। कहा कि नए पाठ्यक्रमों के प्रारम्भ होने से संस्थान की शैक्षणिक क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा विद्यार्थियों को रोजगार एवं अनुसंधान के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। बताया कि संस्थान की एक विशेषता यह भी है कि संस्थान केवल स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी इंजीनियरिंग विभागों में पीएचडी कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, जैव प्रौद्योगिकी कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन्स विभाग जैसे क्षेत्रों में शोधार्थियों को उच्च स्तरीय अनुसंधान सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कहा कि विशेष रूप से एमटेक स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग एवं एमटेक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग जैसे कार्यक्रम उत्तराखंड के इंजीनियरिंग स्नातकों को अपने ही राज्य में विशेषज्ञता प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेंगे। वहीं, बीसीए कार्यक्रम सूचना प्रौद्योगिकी एवं सॉफ्टवेयर क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए नया विकल्प उपलब्ध कराएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

