उत्तराखंड में शीतलहर को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट, सभी जिलों को तैयारी के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में शीतलहर को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट, सभी जिलों को तैयारी के निर्देश


देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में सर्दी और संभावित शीतलहर के मद्देनजर राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें संवेदनशील एवं जोखिमग्रस्त लोगों की पहचान, रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी तथा दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्य सामग्री एवं ईंधन का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री और मंत्री ने शीतलहर के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों को अपना कोल्ड वेव एक्शन प्लान अद्यतन रखने और विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित करने को कहा गया है। जिला, तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल सक्रिय रखे जाएंगे। संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित कर उनके संपर्क विवरण जिला एवं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्रों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र मौसम संबंधी चेतावनियों, सड़क एवं यातायात की स्थिति, बिजली-पानी की आपूर्ति, स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं और बेघर एवं निराश्रित लोगों की स्थिति पर नियमित निगरानी रखेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान और शीतलहर की चेतावनियां तहसील, विकासखंड, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाई जाएंगी।

जिलों को शीतलहर, पाला, बर्फबारी और अत्यधिक कम तापमान से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से उच्च हिमालयी, दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में जनजीवन और आवश्यक सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभावों को ध्यान में रखकर तैयारी की जाएगी। बुजुर्गों, अकेले रहने वाले लोगों, नवजात एवं छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों, गंभीर रोगियों, खुले में काम करने वाले श्रमिकों, बेघर और निराश्रित लोगों की पहचान कर निगरानी की जाएगी। जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, कंबल, भोजन और आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा। गर्भवती महिलाओं का डाटाबेस तैयार करने को भी कहा गया है।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार रैन बसेरों एवं अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था की जाएगी। इनमें हीटर, गर्म पानी, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं बाजारों, बस अड्डों, रेलवे एवं यात्री स्थलों, अस्पतालों और श्रमिक बहुल क्षेत्रों में पर्याप्त ईंधन के साथ अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार रखने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा दलों, एंबुलेंस और मोबाइल चिकित्सा दलों को तैयार रखा जाएगा। हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट के संभावित मामलों की पहचान तथा त्वरित उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पाला और बर्फबारी से प्रभावित होने वाले मार्गों को पहले से चिह्नित कर सड़क खोलने वाली मशीनरी एवं उपकरण तैयार रखने को कहा गया है। संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। पाला प्रभावित सड़कों पर चूने और नमक का नियमित छिड़काव करने तथा जरूरत पड़ने पर मशीनरी एवं संसाधनों की अग्रिम तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्च हिमालयी, दूरस्थ और बर्फबारी के कारण सड़क संपर्क से कटने की आशंका वाले क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, ईंधन और अन्य जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण करने को कहा है। ऐसे क्षेत्रों में मार्च माह तक के लिए खाद्यान्न, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस सिलेंडर और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बर्फबारी या मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story