स्वास्थ्य केंद्रों में मिली खामियां, सीएमओ ने लगाई फटकार
पौड़ी गढ़वाल, 13 सितंबर (हि.स.)।स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने निकलीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मेघना असवाल को दुगड्डा क्षेत्र की स्वास्थ्य इकाइयों में कई व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की जरूरत मिली। पीएचसी दुगड्डा के भवन में विद्युत करंट आने की समस्या सामने आई तो कलालघाटी की बीपीएचयू लैब में डाटा एंट्री ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन और यंग माइक्रोबायोलॉजिस्ट के पद रिक्त मिले।सीएमओ ने बिजली की समस्या तत्काल दूर कराने के साथ ही खाली पदों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
रविवार को सीएमओ डा. मेघना असवाल ने विकासखंड दुगड्डा की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएचसी दुगड्डा, यूपीएचसी दुगड्डा, लालपानी, मोटाढांग, झंडीचौड़-कलालघाटी और आयुष्मान आरोग्य मंदिर-एसएचसी काशीरामपुर, लालपानी व पदमपुर की व्यवस्थाएं देखीं।
पीएचसी दुगड्डा के चिकित्सालय भवन में विद्युत करंट आने की समस्या को सीएमओ ने गंभीरता से लिया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही इमरजेंसी वार्ड को व्यवस्थित और पूरी तरह सुचारू रखने को कहा।
डेंगू, मलेरिया और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों को देखते हुए सीएमओ ने सभी चिकित्सा इकाइयों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए। आपातकालीन और प्रसव वार्ड में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने पर भी जोर दिया गया, ताकि मरीजों को जरूरत के समय तत्काल उपचार मिल सके।
कलालघाटी स्थित बीपीएचयू लैब के निरीक्षण में डाटा एंट्री ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन और यंग माइक्रोबायोलॉजिस्ट के पद रिक्त मिले। सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को रिक्त पदों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दुगड्डा क्षेत्र में संचालित विशेष स्वास्थ्य ड्राइव के तहत एससी-एएएम में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ सभी जरूरी अभिलेख और दस्तावेज समयबद्ध तरीके से व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद सीएमओ ने कोटद्वार स्थित डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों के उपचार, साफ-सफाई और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए डेंगू व अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम और उपचार की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।
सीएमओ ने कहा कि जिले में लोगों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। चिकित्सा इकाइयों में स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं की नियमित निगरानी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अश्विनी, जिला सलाहकार श्वेता, शुभम और बीपीएम अखिलेश मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

