योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं : धामी
देहरादून, 18 जून (हि. स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया और प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। आज योग विश्वभर में स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और जीवन में संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान देने का आग्रह किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

