उत्तराखंड को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध : मुख्यमंत्री धामी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध : मुख्यमंत्री धामी


-'वेड इन उत्तराखंड' से स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगी नई गति,निवेशकों से साझेदारी का आह्वान

देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'वेड इन उत्तराखंड' परिकल्पना को साकार करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। त्रियुगीनारायण सहित अनेक स्थलों को विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट, किमाड़ी में इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्रीज (आईसीईआई) की ओर से आयोजित 'ग्रेस हिंदुस्थान 2.0 उत्तराखंड' राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान उसे देश-दुनिया के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की क्षमता रखती है। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण मंदिर जैसी धार्मिक धरोहर राज्य को विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार त्रियुगीनारायण, ओंकारेश्वर (ऊखीमठ), रामनगर, टिहरी, मसूरी सहित अन्य उपयुक्त स्थलों को विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि वेडिंग टूरिज्म से होटल उद्योग के अलावा स्थानीय कारीगरों, लोक कलाकारों, होमस्टे संचालकों, टैक्सी चालकों और छोटे कारोबारियों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वेडिंग टूरिज्म के साथ स्पिरिचुअल और वेलनेस टूरिज्म को भी समान रूप से बढ़ावा दे रही है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर क्षेत्रों के विकास, हरिद्वार-ऋषिकेश, विवेकानंद, गोल्ज्यू, यमुना और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं में स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन विकसित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बेहतर कानून-व्यवस्था, सुशासन और निवेश अनुकूल नीतियों के कारण निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। सड़क, रेल, रोपवे और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, विभिन्न रोपवे परियोजनाओं तथा जौलीग्रांट और पंतनगर हवाई अड्डों के विस्तार पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में मौजूद वेडिंग प्लानर्स, इवेंट विशेषज्ञों और निवेशकों से उत्तराखंड के पर्यटन विकास में साझेदारी का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से राज्य को विश्व के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story