मुख्यमंत्री ने खटीमा में 15 कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने खटीमा में 15 कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


-373 ग्राम पंचायतों के लिए 231 वाहनों का बेड़ा तैयार

खटीमा, 25 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 15 कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। ठोस एवं तरल अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन में आधुनिक संसाधनों, जनभागीदारी और कॉरपोरेट सेक्टर का सहयोग महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा स्वावलंबी मॉडल स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा। सरकार का प्रयास कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने बताया कि ऊधम सिंह नगर की 373 ग्राम पंचायतों में 71 क्लस्टरों के माध्यम से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निकायों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख स्थानीय बाजारों में नियमित कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण के लिए संबंधित नगर निकायों के साथ एमओयू किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कुल 231 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है। इसमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 134 ई-रिक्शा और 75 ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ सीएसआर एवं अन्य योजनाओं से उपलब्ध कराए गए वाहन शामिल हैं। विभिन्न विकासखंडों में जिला पंचायत की ओर से कॉम्पेक्टर का भी संचालन किया जा रहा है।

इस पहल में कॉरपोरेट सेक्टर भी सहयोग कर रहा है। नेस्ले इंडिया ने सीएसआर के तहत सात इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए हैं। ये वाहन धर्मपुर, छत्तरपुर, बिंदूखेड़ा (फौजी मटकोटा), कीरतपुर, बागवाला, दानपुर और नगला तराई के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान ब्रिटानिया की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश सासनी, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं सदस्य सचिव सीएसआर मनमोहन मैनाली और नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स एवं सस्टेनेबिलिटी डायरेक्टर कुंवर हिम्मत सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story