सिलक्यारा बचाव अभियान को याद कर भावुक हुए धामी,बोले- 41 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी मेरा व्यक्तिगत संकल्प था
-17 दिनों तक हर चुनौती से जूझते रहे,पहला श्रमिक बाहर आया तो शब्दों से परे थी खुशी : मुख्यमंत्री
देहरादून, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की यादें साझा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन सुरंग में 41 श्रमिकों के फंसने की खबर ने पूरे प्रदेश को चिंता में डाल दिया था। उस समय उनके मन में केवल एक ही संकल्प था कि सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना है। एक मुख्यमंत्री के रूप में यह जिम्मेदारी के साथ उनका व्यक्तिगत संकल्प भी था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों के परिवारों की चिंता और उनकी आंखों में अपनों को सुरक्षित देखने की उम्मीद हर बैठक और निर्णय के दौरान उनके सामने रहती थी। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया था कि सरकार पूरी ताकत से प्रयास करेगी और उनके अपनों को सुरक्षित वापस लाएगी।
धामी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान लगातार तकनीकी चुनौतियां सामने आती रहीं। कई बार सफलता करीब नजर आती थी, लेकिन मलबे और चट्टानों के कारण नई बाधाएं खड़ी हो जाती थीं। ऑगर मशीन से ड्रिलिंग में भी कठिनाइयां आईं। इसके बावजूद बचाव अभियान में जुटी टीमों ने उम्मीद नहीं छोड़ी। क्षैतिज और वर्टिकल ड्रिलिंग सहित कई वैकल्पिक उपायों पर एक साथ काम किया गया। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की सहायता भी ली गई।
उन्होंने कहा कि सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों का साहस और धैर्य बचाव दलों के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और श्रमिकों की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन, तकनीकी विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने मिलकर अभियान को आगे बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 नवंबर 2023 को जब पहला श्रमिक सुरंग से बाहर आया तो वह क्षण शब्दों से परे था। इसके बाद एक-एक कर सभी 41 श्रमिकों के सुरक्षित बाहर आने से उनके परिवारों के साथ पूरे देश ने राहत की सांस ली। जिन परिवारों ने 17 दिनों तक चिंता और अनिश्चितता में समय बिताया था, उनके अपनों को सुरक्षित लौटते देखना उनके लिए सबसे बड़ी संतुष्टि थी।
मुख्यमंत्री ने बचाव अभियान में बाबा बौखनाग के प्रति लोगों की आस्था और प्रार्थनाओं को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा अभियान ने सिखाया कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, उम्मीद और प्रयास नहीं छोड़ने चाहिए। यह अभियान साहस, धैर्य, त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय, तकनीकी विशेषज्ञता और मानवीय संवेदना की अहमियत का उदाहरण है।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

