प्रधानमंत्री मोदी की शुभकामनाओं पर धामी ने जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी की शुभकामनाओं पर धामी ने जताया आभार


देहरादून, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को (16 सितंबर) को जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु की कामना की है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री की आत्मीय शुभकामनाओं के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भेजे पत्र में कहा कि राष्ट्र और समाज के हित में धामी द्वारा किए जा रहे कार्य उनके जीवन को यश एवं गौरव से परिपूर्ण करें। उन्होंने कहा कि धामी के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और नई ऊंचाइयां हासिल करे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ‘शक्ति की सप्तधारा’ के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की ओर अग्रसर है। ऐसे में प्रदेश के सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नए आयाम देने के प्रयास महत्वपूर्ण हैं और इस दिशा में मुख्यमंत्री धामी के सक्रिय योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास के लिए प्रधानमंत्री का निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और विशेष स्नेह उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड का जन-जन पूरे समर्पण के साथ प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया में जारी पोस्ट में लिखा है कि, ‘विकसित भारत’ के विराट संकल्प की सिद्धि में ‘विकसित उत्तराखंड’ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए, इसी संकल्प के साथ राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी योगदान देगा।'

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story