बलिदानी आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाना सरकार की प्राथमिकता : धामी

WhatsApp Channel Join Now
बलिदानी आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाना सरकार की प्राथमिकता : धामी


-मुख्यमंत्री धामी ने शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन

देहरादून, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बलिदानी आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य निर्माण के लिए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले आंदोलनकारियों का योगदान प्रदेशवासी सदैव स्मरण करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों और उनके परिजनों के सम्मान एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिस समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की कल्पना की थी, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। सरकार राज्य के विकास को नई दिशा देने के साथ जनभावनाओं और राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों के अनुरूप उत्तराखंड के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story