मुख्यमंत्री धामी ने नेपाल आपदा राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री धामी ने नेपाल आपदा राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


मुख्यमंत्री धामी ने नेपाल आपदा राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


देहरादून, 18 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय नेपाल आपदा राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नेपाल भारत का पड़ोसी होने के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से भी गहरे संबंध रखने वाला देश है। प्राकृतिक आपदा की कठिन घड़ी में उत्तराखंड और भारत के लोग नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने राहत दल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय जरूरतमंदों की सहायता करना मानवीय जिम्मेदारी है।

गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि राहत दल नेपाल में प्रभावित लोगों की सहायता के साथ एक गांव को गोद लेकर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग देगा। इसके अलावा बच्चों के लिए स्कूल भवन निर्माण में सहयोग करने के साथ विद्यार्थियों को पुस्तकें और पठन-पाठन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। राहत कार्यों के लिए नेपाल सरकार और वहां की स्वयंसेवी संस्थाओं से लगातार समन्वय किया जा रहा है।

सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने बताया कि आपदा के बाद नेपाल राहत सहायता के लिए कमेटी गठित कर सहयोग का आह्वान किया गया था। सभा की विभिन्न शाखाओं और सहयोगी संस्थाओं ने राहत कार्यों में सहयोग किया है।

इस मौके पर गोर्खा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अभिषेक शाही, शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मंडल के अध्यक्ष राजीव गुरूंग, शमशेर थापा, टेकू थापा मगर, शंकर थापा, डम्मर थापा और लव तमांग आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story