पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी से मिले मुख्यमंत्री धामी, दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी से मिले मुख्यमंत्री धामी, दी बधाई


पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी से मिले मुख्यमंत्री धामी, दी बधाई


देहरादून, 31 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पर पहुंचकर उन्हें केन्द्र सरकार के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना उत्तराखंड सहित पूरे देश के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण के प्रति समर्पित योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति है। धामी ने कहा कि कोश्यारी ने अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सादगी और राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास और राष्ट्र निर्माण की विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यपाल और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भगत सिंह कोश्यारी ने जो आदर्श स्थापित किए हैं, वे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की ऐसी मिसाल है,जो समाज को निरंतर प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान,सामाजिक चेतना और विकास को सशक्त बनाने में कोश्यारी का योगदान अविस्मरणीय है। उनका अनुभव,मार्गदर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायी बना रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story