लवप्रीत की सोच ने छुआ मुख्यमंत्री का दिल, घर पहुंचा टैब

WhatsApp Channel Join Now
लवप्रीत की सोच ने छुआ मुख्यमंत्री का दिल, घर पहुंचा टैब


देहरादून, 23 सितंबर (हि.स.)। ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ में अपनी जरूरत से पहले जरूरतमंद विद्यार्थियों की चिंता रखने वाली हरिद्वार की छात्रा लवप्रीत कौर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर टैबलेट उपलब्ध कराया गया। शिक्षा विभाग के अधिकारी बुधवार को लवप्रीत के घर पहुंचे और उसे टैब सौंपा।

कार्यक्रम के दौरान लवप्रीत ने मुख्यमंत्री के समक्ष आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने का सुझाव रखा था। अपनी व्यक्तिगत जरूरत से पहले दूसरे विद्यार्थियों की चिंता करने वाली छात्रा की इस सोच ने मुख्यमंत्री को प्रभावित किया।

मुख्यमंत्री ने इसी कार्यक्रम में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से टैबलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य डिजिटल संसाधनों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न होने देना है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने लवप्रीत के घर पहुंचकर उसे टैब सौंपा। टैब मिलने पर लवप्रीत के चेहरे पर खुशी नजर आई। उसने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए ‘थैंक्यू’ कहा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या अन्य कारणों से संसाधनों की कमी किसी विद्यार्थी की प्रतिभा और उसके सपनों के आड़े न आए। डिजिटल शिक्षा वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़कर सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि लवप्रीत जैसी बेटियों की संवेदनशील सोच उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की पहचान है। अपनी जरूरत से पहले दूसरे विद्यार्थियों की चिंता करना युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना को दर्शाता है। सरकार का प्रयास है कि गांव से लेकर शहर तक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध हों।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story