मुख्यमंत्री ने कुमाऊं क्षेत्र की घोषणाओं की समीक्षा की, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने कुमाऊं क्षेत्र की घोषणाओं की समीक्षा की, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश


देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में नैनीताल व ऊधमसिंहनगर जनपद की विभिन्न विधानसभाओं से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की उठाई गईं समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विधायक अपने क्षेत्रों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाते हैं, इसलिए उन पर गंभीरता से कार्रवाई करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अल्पकालिक कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने और दीर्घकालिक योजनाओं को तय समयसीमा में चरणबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देशित किया कि बहु-विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए और इनकी नियमित समीक्षा की जाए, ताकि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।

उन्होंने अधिकारियों को विधायकगणों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी लाई जा सके। आगामी वर्षाकाल को देखते हुए उन्होंने नालों की सफाई, जल निकासी और बाढ़ प्रबंधन से जुड़े कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही ग्रीष्मकाल में संभावित वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम, पेयजल और विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में विभिन्न विधायकों ने सड़क, स्वास्थ्य, खेल मैदान, फसल सुरक्षा, बाढ़ नियंत्रण और जलभराव जैसी समस्याएं उठाईं, जिन पर मुख्यमंत्री ने समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोड़ा, सरिता आर्य, मोहन सिंह बिष्ट, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिवगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वर्चुअल माध्यम से कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत एवं संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story