खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने किया सीएसडी कैंटीन व सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने किया सीएसडी कैंटीन व सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण


खटीमा, 09 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को ऊधमसिंह नगर जिले के खेतलसंडा स्थित सीएसडी कैंटीन में आयोजित गौरव सैनिक सम्मान समारोह में प्रतिभाग करते हुए पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात दी। इससे पहले उन्होंने 715.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीएसडी कैंटीन एवं 162.26 लाख रुपये की लागत से बने सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया।

सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन की ओर से आयाेजित स्व. सूबेदार शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने अपने पिता के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए बलिदानियों को नमन किया और वीर नारियों और सैनिकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में 60 वीर नारियों एवं 80 वीर योद्धाओं को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने इसे भावुक क्षण बताते हुए कहा कि उनके पिता के आदर्श और संघर्षपूर्ण जीवन उन्हें निरंतर प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि एक सैनिक के लिए उसकी वर्दी सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक होती है, यह सीख उन्हें अपने पिता से मिली। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने महार रेजिमेंट में 28 वर्षों तक सेवा देते हुए भारत-चीन युद्ध 1962, भारत-पाक युद्ध 1965, भारत-पाक युद्ध 1971, ऑपरेशन ब्लूस्टार और ऑपरेशन रक्षक जैसे अभियानों में योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि रक्षा उत्पादन 2014-15 के 46 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 1.54 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि रक्षा निर्यात भी 38 हजार करोड़ रुपये तक बढ़ा है और भारत अब 80 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, शहीदों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाई गई है, आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जा रही है तथा वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को दी जाने वाली सहायता में भी वृद्धि की गई है। परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली राशि 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये कर दी गई है।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मुख्यमंत्री की माताजी विशना देवी, उनकी धर्मपत्नी गीता धामी, मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story