दिल्ली में बलूनी के आवास पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, दी इगास की बधाई

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में बलूनी के आवास पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, दी इगास की बधाई


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी के आवास पहुंचकर उन्हें लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सांसद के परिवारजनों को भी पर्व की बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली परंपराओं को संजोने का संदेश देता है। उत्तराखंड के जनजीवन में इस पर्व का विशेष स्थान है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की लोकपरंपराएं केवल सांस्कृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम का भी प्रतीक है। इगास जैसे लोकपर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, मिट्टी और पारंपरिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इगास जैसे पर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है और देश-दुनिया में प्रदेश की लोकपरंपराओं का प्रचार-प्रसार हो रहा है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story