तीस दिन से अधिक लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए चलाएं विशेष अभियान: मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
तीस दिन से अधिक लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए चलाएं विशेष अभियान: मुख्यमंत्री


देहरादून, 17 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन 1905 पर 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

शुक्रवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन की आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना पर्याप्त कार्रवाई के किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोज करने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन केवल एक नंबर नहीं,बल्कि जनता की अपेक्षाओं और विश्वास का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित होने तक किया जाए और जिलाधिकारी स्तर पर साप्ताहिक और विभागीय सचिव स्तर पर मासिक समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए।

बैठक में बताया गया कि एआई आधारित सिस्टम के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण और मॉनिटरिंग में तेजी आई है। विभिन्न जिलों में पेयजल,ऊर्जा,शहरी विकास और गृह विभाग से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कई शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल समाधान के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की सराहना भी की गई। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सभी जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद् विश्वास डाबर,उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन विनय रुहेला,मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव एल.फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा,सचिव शैलेश बगौली, नितेश झा, दिलीप जावलकर, बृजेश कुमार संत, डॉ.पंकज कुमार पांडे,चंद्रेश यादव,एस.एन.पाण्डेय,रंजीत सिन्हा,विनोद कुमार सुमन, सी.रविशंकर, रंजना राजगुरू, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव आलोक पांडे,महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी,अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनपदों के जिलाधिकारी भी वर्चुअली से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story