महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार अवसर और नेतृत्व देने पर जोर दे रही : धामी

WhatsApp Channel Join Now
महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार अवसर और नेतृत्व देने पर जोर दे रही : धामी


महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार अवसर और नेतृत्व देने पर जोर दे रही : धामी


देहरादून, 10 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि राज्य की महिलाएं विकास और आर्थिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और सरकार उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ निर्णय लेने और नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के भाऊवाला में तीज उत्सव के अवसर पर आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से संवाद कर उनके सुझाव और अपेक्षाएं भी सुनीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की महिलाओं ने उत्तराखंड आंदोलन से लेकर प्रदेश की विकास यात्रा तक विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दिया है। वर्तमान में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों,स्वरोजगार,कृषि,बागवानी,होमस्टे, उद्यमिता और तकनीक आधारित गतिविधियों के माध्यम से अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य उन्हें योजनाओं का लाभ देने के साथ रोजगार, कौशल और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि, मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि एकल महिला स्वरोजगार योजना,मुख्यमंत्री महिला सतत आजीविका योजना,मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

धामी के अनुसार, प्रदेश में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे मंच विकसित किए जा रहे हैं। वहीं, ड्रोन दीदी, सोलर सखी और महिला सारथी जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को नए आर्थिक अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें महालक्ष्मी किट, नंदा गौरा योजना और पोषण से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर,महिला मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी कपरूवाण अग्रवाल,पीके अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story