सीएम धामी बाले, हताश और कुंठा में हैं राहुल गांधी

WhatsApp Channel Join Now
सीएम धामी बाले, हताश और कुंठा में हैं राहुल गांधी


हरिद्वार, 22 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित बंदी छोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में आयोजित 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मलीन भूरी वाले महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और संत समाज व धार्मिक संस्थाओं के योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पवित्र स्थानों पर वही व्यक्ति पहुंचता है, जिस पर सद्गुरु की कृपा होती है। धार्मिक संस्थाओं और संत समाज ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सद्गुरुओं ने स्वयं को तिल-तिल जलाकर राष्ट्र की रक्षा का मार्ग दिखाया है। पश्चिम बंगाल में घुसपैठ रोकने के लिए सीमा पर की जा रही कार्रवाई से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा सरकारों का बचाव करते हुए कहा कि इसी कारण देश की जनता डबल इंजन की सरकारों को चुन रही है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सरकारों को जनता नकार रही है। धामी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से रुकी योजनाएं अब धरातल पर आ रही हैं और विकास कार्यों में तुष्टिकरण को आधार नहीं बनाया जा रहा है।

संसद में विपक्ष के हंगामे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की हताशा और कुंठा लगातार बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उनके भीतर सामंतवादी सोच है और वह इससे बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।धामी ने कहा कि राहुल गांधी यह मानकर चल रहे हैं कि देश की संसद और देश उनके हिसाब से चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग लंबे समय तक देश की सत्ता पर अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते रहे, आज उनके मुताबिक परिस्थितियां नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामान्य परिवार से आने के बावजूद देश को बेहतर ढंग से चला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के हर वर्ग के लिए काम हो रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से विपक्ष में हताशा दिखाई दे रही है।

झारखंड में चल रहे आंदोलन में राहुल गांधी की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्हें ऐसे मौके पर वहां नहीं जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अलग-अलग स्थानों पर छात्रों को एकत्र कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी के कथित बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उत्तराखंड आकर यह झूठ बोला कि राज्य में नकल माफियाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। धामी ने कहा कि उत्तराखंड में सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है और इसके तहत 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां भी मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग आज भी यह सोच रहे हैं कि देश पुराने नियमों के आधार पर चल रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छह दशक तक देश पर शासन करने वालों के कार्यकाल में पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिले, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story