सीएम के लोहाघाट दौरे को लेकर भाजपा की तैयारियां तेज
चंपावत, 25 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 27 फरवरी को प्रस्तावित लोहाघाट दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नगर पालिका सभागार में भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों को बताया गया कि मुख्यमंत्री अपने एक दिवसीय दौरे में लोहाघाट के प्रसिद्ध होली रंग महोत्सव में शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त, वे निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण कर उसकी प्रगति का जायजा लेंगे। इस दौरान नगर पालिका परिषद की ओर से मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन और संगठन मिलकर कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए समन्वित प्रयास कर रहे हैं।
क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं और आगामी परियोजनाओं को लेकर स्थानीय जनता में उत्साह का माहौल है। बैठक का संचालन जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया ने किया।
बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महरा, नरेश करायत, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक, राजू गढ़कोटी, योगेश मेहता, गोविंद सिंह बोहरा, जीवन गहतोड़ी, अधिवक्ता गौरव पांडे, राहुल जोशी, दीपक जोशी, योगेश जोशी, मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, बलवंत गिरी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

