मुख्यमंत्री आवास में दिनभर जारी रहा धामी को जन्मदिन की शुभकामनाओं का सिलसिला
-मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न वर्गों के लोगों ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
देहरादून, 16 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में दिनभर आत्मीयता और उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न वर्गों के लोग मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। सभी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री आवास पर सुबह से ही शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया था, जो दिनभर जारी रहा। मंत्रीगण, जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास में आने वाले लोगों में मुख्यमंत्री को बधाई देने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी का आत्मीयता से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि साथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का स्नेह एवं शुभकामनाएं उनके लिए विशेष महत्व रखती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सेवा का दायित्व सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य के विकास और जनकल्याण के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए मिलकर कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री के साथ लंबे समय से कार्य कर रहे मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी से आत्मीयता से मुलाकात की और शुभकामनाओं के लिए उनका आभार जताया।
मुख्यमंत्री आवास पर दिनभर चले इस क्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और उनसे जुड़े विशेष क्षणों की तस्वीरें आमजन के लिए भी उपलब्ध कराई गई हैं। इसके लिए एक क्यूआर कोड जारी किया गया है।
आमजन मोबाइल फोन के कैमरे अथवा क्यूआर स्कैनर की मदद से इस क्यूआर कोड को स्कैन कर मुख्यमंत्री के जन्मदिवस से संबंधित फोटो गैलरी तक पहुंच सकते हैं। फोटो गैलरी में जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की तस्वीरें उपलब्ध कराई गई हैं। लोग अपनी पसंद की तस्वीरें देख सकते हैं और उन्हें डाउनलोड भी कर सकते हैं।
जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। क्यूआर कोड के माध्यम से इन कार्यक्रमों और अवसरों से जुड़ी तस्वीरों को आमजन के लिए आसानी से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

