भाजपा कार्यकर्ताओं ने मरीजों के बीच मनाया सीएम धामी का जन्मदिवस

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मरीजों के बीच मनाया सीएम धामी का जन्मदिवस


हरिद्वार, 16 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से मेला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए। जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मरीजों से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करना, नकल विरोधी कानून लाना, निवेश प्रस्तावों को बढ़ावा देना, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में सुधार, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्य किए गए हैं।

आशुतोष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की सरलता, कर्मठता और निर्णायक नेतृत्व कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास युवाओं, गांवों, गरीबों, किसानों और महिलाओं के हित में योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के विकास को गति देना है। उन्होंने बाबा केदारनाथ से मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा, संवेदना और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंदों की सहायता करने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर पूर्व महापौर मनोज गर्ग, भाजपा नेता विशाल गर्ग, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, एजाज हसन, धर्मेंद्र सिंह चौहान, उमेश जोशी, अभिनव चौहान, लोकेश पाल, नकली राम सैनी, अरविंद कुशवाहा, राजेश लखेड़ा, देवकी नंदन पुरोहित, वासु पाराशर, सतीश कुमार, शाहनवाज हुसैन, सचिन आर्य, राहुल, रंजिता झा, सुधा राठौर, संगीता बंसल, सनी चौहान और विनीत प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story