भारत-नेपाल सीमा पर व्यापार और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
भारत-नेपाल सीमा पर व्यापार और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर जोर


देहरादून, 27 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में आयोजित बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान भारत-नेपाल सीमा पर व्यापार और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत जनपद के बनबसा (गुदमी) क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। इस परियोजना को एशियन हाईवे से जोड़कर अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला और झूलाघाट क्षेत्रों में सीमा व्यापार, आवागमन और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्य स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, बेहतर बाजार उपलब्ध होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देने और अंतरराष्ट्रीय संपर्क को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जयंत सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story