मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा के दीपावली मेले में की 20 छठ घाट बनाने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा के दीपावली मेले में की 20 छठ घाट बनाने की घोषणा


मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा के दीपावली मेले में की 20 छठ घाट बनाने की घोषणा


ऊधमसिंह नगर, देहरादून और चम्पावत में होंगे घाटों का निर्माण,धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर दिया जोर

खटीमा, 02 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित 14 वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने ऊधमसिंह नगर, देहरादून और चम्पावत जिले में 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा में छठ घाट बनाए जाएंगे। इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट और चम्पावत के बनबसा में भी छठ पूजा के लिए घाट विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने दीपावली मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन सेवा और संस्कार से जुड़े प्रयासों के माध्यम से समाज को एकजुट करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में धार्मिक स्थलों के पुनरुत्थान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त केदारनाथ धाम के पुनर्विकास का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ा है। केदारखंड में चारधामों के विकास की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और वहां आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का काम भी जारी है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का काम करीब तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है। भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में 'सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज' की स्थापना भी की गई है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story