मुख्यमंत्री आवास में बनेगा 3-बी गार्डन, कृष्णा वट का पौधा लगाकर धामी ने किया शुभारंभ
देहरादून, 04 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारंभ कृष्णा वट पौधे का रोपण कर किया।
इस माैके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से मधुमक्खी पालन को बढ़ावा मिलने के साथ जैव विविधता संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही यह उद्यान पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित की ओर से इस अवधारणा पर कार्य शुरू किया गया था। उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बांस, बॉटल ब्रश, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी, पुदीना सहित अनेक पौधों का मिश्रित रोपण किया जा रहा है, जो मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेंगे।
परिसर में पुराने और जीर्ण-शीर्ण वृक्षों के समीप नए पौधे भी लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया जैसी उच्च हिमालयी एवं पर्वतीय प्रजातियों का रोपण भी किया गया है, जो परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री आवास परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन गतिविधियों के विस्तार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। इसके तहत परागण को बढ़ावा देने और जैव विविधता के संरक्षण के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जा रहा है। प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उद्यान क्षेत्र में कीटनाशकों और अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह, नरेन्द्र यादव मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

