राष्ट्रसेवा और सुशासन के लिए सदैव याद किए जाएंगे अटल जी : धामी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रसेवा और सुशासन के लिए सदैव याद किए जाएंगे अटल जी : धामी


-मुख्यमंत्री धामी ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

देहरादून, 16 अगस्त (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा और सुशासन के लिए अटल बिहारी वाजपेयी सदैव याद किए जाएंगे। रविवार सुबह मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका स्मरण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी मां भारती के उपासक, राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर वक्ता, प्रख्यात कवि और लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, सुशासन, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में उच्च आदर्शों और मूल्यों की स्थापना की। उन्होंने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ ही भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की दूरदर्शी सोच, सरल एवं सहज व्यक्तित्व और राष्ट्रहित के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story