क्लाउड किचन पहल से महिलाओं को मिलेगा रोजगार

WhatsApp Channel Join Now
क्लाउड किचन पहल से महिलाओं को मिलेगा रोजगार


हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने क्लाउड किचन के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने की पहल शुरू की है। इसी क्रम में साेमवार काे मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने सोमवार को ग्रामीण व्यवसाय इन्क्यूबेटर सेंटर में क्लाउड किचन के दूसरे चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में महिलाओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जा रहा है। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें घर से ही व्यवसाय शुरू करने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार प्रदेश का पहला जनपद है, जहां जिला प्रशासन द्वारा महिला समूहों को क्लाउड किचन के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे महिलाएं अपनी रसोई से ही रोजगार सृजित कर सकेंगी और आय में वृद्धि कर पाएंगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में स्थित औद्योगिक क्षेत्रों और कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों को घर जैसा भोजन उपलब्ध नहीं हो पाता। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, ताकि कामगारों को उनकी पसंद का गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 25 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनके द्वारा “गंगा रसोई” नाम से क्लाउड किचन का संचालन भी शुरू कर दिया गया है।

परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), एमएमयूवाईआई और रिप टीम के सहयोग से आरसेटी द्वारा आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उद्यम पंजीकरण, बीएमसी एवं फूड लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, साथ ही सीसीएल, सीआईएफ और वीओ के माध्यम से वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी।

लीड बैंक अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम पंजाब नेशनल बैंक की सीएसआर गतिविधियों के तहत आयोजित किया जा रहा है।

इस अवसर पर निदेशक आरसीटी शिव कुमार, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, परियोजना प्रबंधक रिप संजय सक्सेना, एमसेल्स अमित शर्मा, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से बीपीडीई राव आशकर, इंक्यूबेशन मैनेजर योगेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story