हरिद्वार को स्वच्छ बनाने की कवायद तेज, छह ग्राम पंचायतों के प्रधानों को दिए सख्त निर्देश
हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एनआईसी सभागार में बहादराबाद ब्लॉक की छह ग्राम पंचायतों के प्रधानों के साथ बैठक कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में रावली महदूद, सुल्तानपुर मंजरी, अत्मलपुर बोंगला, खेड़ली, दादूपुर गोविंदपुर और सलेमपुर महदूद के प्रतिनिधि शामिल हुए।
डीएम ने कहा कि गलियों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और नालियों में नियमित सफाई हो, कहीं भी कूड़ा जमा न रहे। स्वच्छता को ग्राम पंचायतों की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाए। कूड़ा निस्तारण के लिए डंपिंग जोन हेतु भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए।
बहादराबाद और बीएचईएल क्षेत्र के पीठ बाजारों में बाजार से पहले, दौरान और बाद में सफाई सुनिश्चित करने, पर्याप्त कूड़ेदान लगाने और बाजार समाप्त होते ही कचरा निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम ने पीठ बाजारों में पॉलीथिन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, दुकानदारों को जागरूक करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।
बैठक में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

