कंडोलिया से न्यू बस अड्डे तक चला स्वच्छता अभियान
पौड़ी गढ़वाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ और ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत नगर पालिका परिषद पौड़ी ने शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। कंडोलिया मंदिर परिसर, व्यू प्वाइंट और न्यू बस अड्डे के आसपास सफाई कर कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक अपशिष्ट हटाया गया।
अभियान के तहत विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी कचरा अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत न्यू बस अड्डे के समीप सामूहिक सफाई की गई। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष, वार्ड सदस्य, अधिशासी अधिकारी समेत अन्य लोगों ने भाग लिया। लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने और कूड़ा डोर-टू-डोर संग्रहण वाहन को देने की अपील की गई।
अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पालिका की ओर से सार्वजनिक और पर्यटक स्थलों की नियमित सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

