सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
पौड़ी गढ़वाल, 15 नवंबर (हि.स.)। गगवाड़स्यूं घाटी स्थित सिद्धपीठ श्री देवलेश्वर महादेव मंदिर में 20 नवंबर से होने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेले के तहत रविवार को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता, तार्किक समझ और सामान्य ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों से विभिन्न विषयों से संबंधित सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे गए। बच्चों और युवाओं ने सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में शिक्षा और ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उन्हें रचनात्मक एवं शैक्षिक गतिविधियों से जोड़ना रहा।
आयोजकों ने कहा कि वर्तमान समय में किताबी ज्ञान के साथ सामान्य ज्ञान का होना भी बेहद जरूरी है। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने, सोचने-समझने की क्षमता विकसित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करने में मददगार साबित होती हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मंदिर समिति की ओर से बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के ज्ञानवर्धक और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र राणा, संयोजक जगत किशोर बड़थ्वाल, नागेंद्र जुगराण आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

