दिल्ली का नौ वर्षीय बालक गंगा में बहा, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली का नौ वर्षीय बालक गंगा में बहा, तलाश जारी


हरिद्वार, 18 जून (हि.स.)। हरिद्वार के भूपतवाला स्थित सप्तऋषि घाट पर गुरुवार को गंगा में स्नान के दौरान दिल्ली का नौ वर्षीय बालक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

हरिद्वार नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि अपराह्न करीब 4:30 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कुश शर्मा (9) पुत्र मुकेश शर्मा, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली, जो वर्तमान में जगजीतपुर, कनखल में अपने परिजनों के साथ ठहरा हुआ था, सप्तऋषि घाट पर स्नान के दौरान गंगा के तेज बहाव में बह गया।

सूचना मिलते ही जल पुलिस एवं राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बालक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने बताया कि बालक की तलाश के लिए गंगा नदी में संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की जा रही है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story