उत्तराखंड में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी सुख-समृद्धि
देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ उत्तराखंड में भी श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हो गया। प्रदेशभर में तड़के से ही गंगा घाटों और विभिन्न जलाशयों के तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। उन्होंने ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा स्थित ग्राम 22 पुल, खिलड़िया के छठ घाट पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने घाट पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्हें छठ महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना का यह पावन पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की उन महान परंपराओं में से एक है, जो हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने तथा पारिवारिक एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, आरोग्यता एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य उपासना का यह पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, स्वच्छता, अनुशासन, संयम और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा उत्तराखंड निरंतर विकास एवं उन्नति के नए आयाम स्थापित करे।
राजधानी देहरादून में प्रेमनगर, टपकेश्वर मंदिर, टौंस नदी, पटेलनगर सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन हुए। वहीं धर्मनगरी हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। तड़के से ही घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भजनों की गूंज सुनाई देने लगी। पूर्वांचल और बिहार मूल के परिवारों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया।
देहरादून में छठ महापर्व के आयोजन के दौरान बिहारी महासभा की ओर से विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।
बिहारी महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह, सचिव चंदन झा सहित सभी पदाधिकारी एवं सदस्य घाटों पर व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ छठ व्रतियों की सेवा में तत्पर रहे। महासभा की ओर से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए दूध की व्यवस्था की गई। वहीं, सुबह तड़के घाटों पर पहुंचे व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए चाय और कॉफी की भी व्यवस्था की गई। पूजा-अर्चना के सुचारु संचालन और व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महासभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव के साथ सक्रिय भूमिका निभाई।
अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने छठी मैया की पूजा की और प्रसाद ग्रहण कर करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। घाटों पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर व्रतियों ने परिवार के सदस्यों और परिचितों के बीच प्रसाद वितरित किया।
छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई थी। शनिवार को दूसरे दिन खरना का अनुष्ठान किया गया। दिनभर उपवास रखने के बाद व्रतियों ने शाम को गुड़ से बनी खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। रविवार शाम को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ पर्व की सभी धार्मिक परंपराएं पूरी हुईं।
छठ पूजा सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना का प्रमुख पर्व है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

