मसूरी में भी गूंजे छठी मैया के जयकारे, कृत्रिम झील में व्रतियों ने दिया सूर्य को अर्घ्य

WhatsApp Channel Join Now
मसूरी में भी गूंजे छठी मैया के जयकारे, कृत्रिम झील में व्रतियों ने दिया सूर्य को अर्घ्य


मसूरी, 15 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ों की रानी मसूरी में भी लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। प्राकृतिक जलाशय की कमी के बावजूद यहां रह रहे बिहार और पूर्वांचल के प्रवासी परिवारों ने परंपरागत तरीके से छठ पर्व मनाया। मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से पिक्चर पैलेस पार्किंग में कृत्रिम झील तैयार कराई गई, जहां व्रतियों ने ठंडे पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की।

छठ पूजा के अवसर पर पिक्चर पैलेस पार्किंग में शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। ठंड के मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पूजा स्थल पर देर रात तक छठी मैया के गीतों और भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान आतिशबाजी कर भी पर्व की खुशियां मनाई गईं।

मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल और महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने बताया कि एसोसिएशन हर वर्ष छठ पूजा के आयोजन की व्यवस्था करती है। मसूरी में नदी और प्राकृतिक झील उपलब्ध नहीं होने के कारण कृत्रिम जलाशय तैयार कराया जाता है, ताकि यहां रहने वाले प्रवासी परिवार अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार पर्व मना सकें। उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सूर्य, जल और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व भी है।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने भी श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मसूरी विभिन्न प्रदेशों और संस्कृतियों के लोगों का साझा शहर है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता,भाईचारे और सांस्कृतिक सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी व्रतियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

उल्लेखनीय है कि छठ पर्व पर व्रती निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी और अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस दौरान ठेकुआ, फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद चढ़ाने की परंपरा है। मसूरी में कृत्रिम झील बनाकर आयोजित पूजा प्रवासी परिवारों को अपने गृह प्रदेश से दूर भी परंपरा से जुड़े रहने का अवसर प्रदान करती है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story