उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ व्रतियों ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना

WhatsApp Channel Join Now
उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ व्रतियों ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना


हरिद्वार, 16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अंतिम दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की। चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन सुबह से ही गंगा घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।

व्रती महिलाएं पारंपरिक पूजन सामग्री, फल, ठेकुआ, नारियल और सूप में सजाए गए प्रसाद के साथ गंगा तट पर पहुंचीं। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

सुबह के समय गंगा घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना के भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। व्रती महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की और छठी मैया से घर-परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठी मैया की कथा सुनी और परिवार के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।

चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद वितरित किया। इसके बाद व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार व्रत का पारण किया।

छठ पूजा के अवसर पर गंगा घाटों पर विशेष उत्साह देखने को मिला। घाटों पर परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूजा में भागीदारी की। गंगा तट पर छठी मैया के गीतों और सूर्य देव की आराधना ने धार्मिक माहौल को और भी आकर्षक बना दिया। तीर्थनगरी के विभिन्न घाटों पर छठ व्रतधारियों की भारी भीड़ देखने को मिली। इसी के साथ जमकर आतिशबाजी भी की गयी। भीड़ के कारण घाटों के आसपास जाम की स्थिति भी काफी देर तक बनी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story