दवा सैंपल फेल मामले में प्रोडक्शन केमिस्ट भगोड़ा घोषित

WhatsApp Channel Join Now


हरिद्वार, 13 मार्च (हि.स.)। सिडकुल स्थित एक फार्मा कंपनी में वर्ष 2015 में दवा के सैंपल फेल होने के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से न्यायालय में पेश न होने पर कोर्ट ने मेडी मार्क ड्रग्स फार्मा कंपनी के प्रोडक्शन केमिस्ट इंचार्ज सुरेंद्र सिंह को भगोड़ा घोषित कर दिया है।

शुक्रवार को ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि ड्रग कंट्रोल विभाग के निर्देशों के अनुपालन में सुरेंद्र सिंह की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कुलगाम (जम्मू कश्मीर) की अदालत द्वारा बार-बार तलब किए जाने के बावजूद आरोपी के पेश न होने पर विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश प्राप्त हुए थे।

इसके बाद ड्रग विभाग की टीम ने सिडकुल स्थित मेडी मार्क ड्रग्स फार्मा कंपनी में पहुंचकर सुरेंद्र सिंह के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि सुरेंद्र सिंह काफी समय पहले ही कंपनी से इस्तीफा देकर जा चुका है और वर्तमान में कंपनी में कार्यरत नहीं है।

ड्रग विभाग के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर भी तलाश कर रही है, ताकि उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story