चीला विद्युत गृह में लापरवाही पर सख्ती, एमडी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 05 अप्रैल (हि. स.)। यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने रविवार को चीला विद्युत गृह का औचक निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे गंभीर लापरवाही करार दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अनुरक्षण देरी से मौके पर पहुंचे, जबकि परियोजना के उपमहाप्रबंधक मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा बीएचईएल के अभियंताओं की उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम रही, जिस पर प्रबंध निदेशक ने असंतोष जताया।

विद्युत गृह में चल रहे आरएमयू कार्यों की धीमी प्रगति पर भी उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्य में शिथिलता को अस्वीकार्य बताया। मशीन संख्या-4 से संबंधित कार्यों को हर हाल में 20 अप्रैल 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रबंध निदेशक ने कार्यों में तेजी लाने के लिए मैनपावर बढ़ाने और सप्ताह के सातों दिन काम संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने और उन्हें चेतावनी जारी करने के आदेश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story