मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश से चारधाम यात्रा 2026 का किया शुभारंभ, बोले- यात्रा आत्मिक ऊर्जा का संगम

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश से चारधाम यात्रा 2026 का किया शुभारंभ, बोले- यात्रा आत्मिक ऊर्जा का संगम


ऋषिकेश, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड की प्रतिष्ठित चारधाम यात्रा 2026 का शनिवार को ऋषिकेश से विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मिक ऊर्जा का संगम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि चारधाम यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि देवभूमि की पवित्रता को बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही यात्रा मार्गों पर डस्टबिन की अनिवार्यता और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, रोपवे परियोजनाएं और धामों में पुनर्निर्माण कार्यों से यात्रा सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने यात्रियों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी स्थलीय निरीक्षण किया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ में अस्पताल तैयार है, जबकि बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि यात्रा मार्गों पर शटल सेवा, हेल्पलाइन और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सूचना व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story