चारधाम यात्रा: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं, सुरक्षित व सुगम यात्रा का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं, सुरक्षित व सुगम यात्रा का भरोसा


चारधाम यात्रा: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं, सुरक्षित व सुगम यात्रा का भरोसा


देहरादून, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के शुभारंभ पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की है।

राज्यपाल ने शनिवार को जारी अपने संदेश में कहा कि बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, गंगोत्री धाम, यमुनोत्री धाम और हेमकुंड साहिब न केवल आस्था के केंद्र हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और सनातन परंपरा के जीवंत प्रतीक भी हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा श्रद्धा, विश्वास और आत्मिक शांति की अनूठी यात्रा है, जो देश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती है। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने की अपील की।

मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बाबा केदार, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री और बद्री विशाल से यात्रा की सफलता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा पिछले सभी रिकॉर्ड को पार करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर तैयारियों की निरंतर समीक्षा कर रही है। उनका प्रयास है कि श्रद्धालु देवभूमि में बिताए समय की सुखद और स्वर्णिम यादों के साथ लौटें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड के लिए एक बड़े उत्सव के समान है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुगम और सफल बनाने के लिए सभी को सहयोगी बनना होगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु देवभूमि का संदेश देश और दुनिया तक पहुंचा सकें। उन्होंने यात्रा में तैनात सफाई कर्मियों, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों से अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और समन्वय से ही यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story