हरिद्वार से चारधाम यात्रा के लिए पहले जत्थे में 250 श्रद्धालु रवाना

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार से चारधाम यात्रा के लिए पहले जत्थे में 250 श्रद्धालु रवाना


हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का विधिवत आगाज शनिवार सुबह हरिद्वार से हो गया। धर्मनगरी के माया देवी मंदिर परिसर से करीब 250 श्रद्धालुओं का पहला जत्था पूजा-अर्चना और विधि-विधान के साथ रवाना हुआ। श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच अपनी यात्रा शुरू की, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

हरिद्वार टूर ऑपरेटर्स एंड ट्रैवल एसोसिएशन के अनुसार, शहर से करीब 1000 वाहन चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुए हैं। देश के विभिन्न राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से आए श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए हैं।

इस वर्ष उत्तराखंड सरकार द्वारा यात्रा के लिए लागू यात्रियों की संख्या की सीमा को हटा दिया गया है। इससे श्रद्धालुओं और ट्रैवल कारोबारियों में उत्साह देखा जा रहा है। ट्रैवल एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस निर्णय के बाद बुकिंग में तेजी आई है और इस बार यात्रा के नए रिकॉर्ड बनने की संभावना है।

चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार को प्रवेश द्वार माना जाता है। श्रद्धालु यहां के प्रमुख धार्मिक स्थलों हर की पौड़ी, मनसा देवी मंदिर और माया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपनी यात्रा की शुरुआत करते हैं। शहर से हजारों वाहन और बड़ी संख्या में ट्रैवल ऑपरेटर हर साल इस यात्रा में शामिल होते हैं।

चारधाम के विभिन्न धामों के कपाट आगामी दिनों में खुलने जा रहे हैं। 19 अप्रैल गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम, 22 अप्रैल केदारनाथ धाम व 23 अप्रैल का बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। चूंकि इन धामों तक पहुंचने में कई दिन लगते हैं, इसलिए श्रद्धालु कपाट खुलने से पहले ही यात्रा पर निकल पड़ते हैं।

ट्रांसपोर्ट और टूर ऑपरेटर्स का कहना है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story