चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या सीमा खत्म करने पर तीर्थ पुरोहितों ने जताया आभार
देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या पर किसी भी प्रकार की रोक नहीं लगाने के निर्णय पर तीर्थ पुरोहितों, पंडा समाज और पर्यटन से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।
चारधाम महापंचायत के महासचिव डॉ. बृजेश सती ने कहा कि यह निर्णय चारधाम यात्रा से जुड़े सभी वर्गों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर पहले यात्रियों की संख्या सीमित किए जाने को लेकर संशय बना हुआ था, जिससे लोगों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका थी।
चारधाम तीर्थ पुरोहित महासभा एवं गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने भी मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अब श्रद्धालुओं की संख्या पर कोई सीमा नहीं होगी, जिससे अधिक से अधिक लोग दर्शन कर सकेंगे।
चार धाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता ने कहा कि ऑफलाइन और ऑनलाइन पंजीकरण के साथ-साथ दर्शन संख्या पर लगी सीमाएं हटाने का निर्णय सराहनीय है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
गंगोत्री होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल नौटियाल ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से तीर्थ पुरोहित, पंडा समाज, व्यापारी और स्थानीय निवासी सभी लाभान्वित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा-2026 के लिए श्रद्धालुओं की संख्या की सीमा को समाप्त करने का फैसला लिया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

