चारधायात्रा में हेल्पलाइन और रियल-टाइम अपडेट से यात्रियों को हाेगी सुविधा: अपर पुलिस महानिदेशक

WhatsApp Channel Join Now
चारधायात्रा में हेल्पलाइन और रियल-टाइम अपडेट से यात्रियों को हाेगी सुविधा: अपर पुलिस महानिदेशक


उत्तरकाशी, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस ने चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन और रियल-टाइम सूचना प्रणाली को सक्रिय कर दिया है। इसके तहत जारी हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से यात्री यात्रा से जुड़ी जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकेंगे। यह जानकारी अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) डॉ.वी. मुरुगेशन ने दी है।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) डॉ.वी. मुरुगेशन शुक्रवार को यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्हाेंने गंगोत्री धाम और यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा की शुरुआत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और राज्य आपदा मोचन बल की तैनाती की गई है।

यातायात प्रबंधन के तहत संकरे मार्गों और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग,इंटरसेप्टर,हाईवे पेट्रोल यूनिट और क्रेन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गों और धामों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, डीएफएमडी और एचएचएमडी लगाए गए हैं। इसके अलावा एटीएस,बीडीएस और सीएपीएफ के जवान भी तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं और उत्तराखंड पुलिस ऐप सहित वेबसाइट व सोशल मीडिया के माध्यम से यात्रा, मौसम और मार्गों की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल के लिए आवास और अन्य सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया गया है,ताकि यात्रियों को त्वरित सहायता मिल सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story