चारधाम यात्रा : ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में 30 पंजीकरण काउंटर

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा : ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में 30 पंजीकरण काउंटर


ऋषिकेश, 15 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी सविन बंसल ने ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में 30 पंजीकरण काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इनमें 24 काउंटर ट्रांजिट कैंप और 6 आईएसबीटी पर संचालित होंगे।

बुधवार को ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने बताया कि यात्रियों के पंजीकरण के लिए 30 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, जो दिन-रात कार्य करेंगी। धर्मशालाओं, आश्रमों और सरायों में 7100 बेड चिन्हित किए गए हैं।

उन्होंने ट्रांजिट कैंप में इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रखने, बड़ी स्क्रीन के माध्यम से सूचना प्रसारित करने और यात्री सहायता केंद्र संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों के लिए निःशुल्क चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत ऋषिकेश और हरबर्टपुर में 24×7 मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी।

डीएम ने यात्रा मार्गों पर पेयजल, मोबाइल शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, पेयजल निगम की अनुमति निरस्त करते हुए 19 अप्रैल से पहले सड़कों के पुनर्स्थापन के निर्देश भी दिए गए। सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम ऋषिकेश को जिला योजना से 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही लापरवाही बरतने वाली फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story