चारधाम यात्रा तैयारियों पर सख्ती, हेली टिकट ब्लैकमेलिंग रोकने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा तैयारियों पर सख्ती, हेली टिकट ब्लैकमेलिंग रोकने के निर्देश


देहरादून, 09 अप्रैल (हि.स.)। आगामी चार यात्रा के दौरान हेली सेवाओं के संचालन के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और हेली टिकटों की ब्लैकमेलिंग व कालाबाजारी पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि श्रद्धालुओं को उचित दरों पर सुविधा मिल सके।

आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर स्थित स्थायी एवं अस्थायी शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों और होटलों पर यात्रियों के लिए निःशुल्क शौचालय, पेयजल और वाहनों के लिए हवा की व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो।

चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यात्रियों की अनिवार्य स्वास्थ्य जांच (हेल्थ स्क्रीनिंग) भी की जाए।

मंत्री ने यह भी कहा कि घोड़े-खच्चरों के लिए पर्याप्त चारा, गर्म पानी और पशु चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। भीड़ प्रबंधन के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं तथा आपदा संभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन टीमों की तैनाती की जाए।

उन्होंने पुलिस गश्त व्यवस्था में बदलाव करते हुए जाम से बचाव के लिए मोटरसाइकिलों के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही यात्रा मार्गों पर स्वच्छता अभियान चलाकर कूड़ा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने यात्रियों की सुविधा के लिए रियल टाइम सूचना प्रणाली, हेल्पलाइन नंबर, बुजुर्ग एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सहायता सेवाएं और होटल एवं ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से “अतिथि देवो भव” की भावना के साथ सहयोग करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story