चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले से पहले प्रशासन सख्त, सितंबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले से पहले प्रशासन सख्त, सितंबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश


हरिद्वार, 24 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक में सख्त निर्देश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की सभी सड़कों को सितंबर 2026 तक हर हाल में गड्ढा मुक्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में सड़कें सुरक्षित और सुगम होना अनिवार्य है।

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि तेज रफ्तार वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरलोडिंग करने वालों, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में साइन बोर्ड लगाने को भी प्राथमिकता में शामिल करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने कहा राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए। यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी से मार्च 2026 के बीच कुल 21,789 चालान किए गए व 70,05,000 की वसूली की गयी।

बैठक में लोनिवि, परिवहन विभाग, पुलिस, नगर निगम और ऊर्जा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story